Add To collaction

गीत। ( ज़िंदगी )

*गीत*(ज़िंदगी)
है यद्यपि इस पल यह पतझर,
कल बहार फिर आएगी।
रात्रि-तिमिर से क्या घबराना-
शुभ्र सुबह मुस्काएगी।।

जीवन के चौखट पर हर-पल,
सुख-दुख का पहरा रहता।
एक जगे जब दूजा सोता,
काल-चक्र हर क्षण चलता।
घन-घमंड का स्वागत कर लो-
घटा शीघ्र शर्माएगी।।
    शुभ्र सुबह मुस्काएगी।।

तिमिर-गर्भ से उगे किरण रवि,
बाद अमावस पूनम हो।
सींच पसीने की बूँदों से,
उगे अन्न जो सोनम हो।
इस रहस्य के ज्ञाता की मति-
कभी नहीं भरमाएगी।।
     शुभ्र सुबह मुस्काएगी।।

जीवन एक पहेली समझो,
इसे समझ जो पाया है।
उसने काँटों के साये में ,
पुष्प अनेक खिलाया है।
इसी पहेली को गुलाब की-
अद्भुत कथा बताएगी।।
  शुभ्र सुबह मुस्काएगी।।

पीत पर्ण झड़ जाने से ही,
हरित पर्ण उग आते हैं।
रहे अमर यह प्रीति जगत में,
शलभ स्वयं जल जाते हैं।
जलना-बुझना इसी प्रथा को-
प्रकृति सदा दुहराएगी।।
     शुभ्र सुबह मुस्काएगी।।
     कल बहार फिर आएगी।।
                ©डॉ0हरि नाथ मिश्र
                     9919446372

   15
4 Comments

बहुत ही सुंदर और बेहतरीन गीत

Reply

Gunjan Kamal

26-Jun-2023 01:01 AM

👌👏

Reply

Varsha_Upadhyay

25-Jun-2023 11:07 PM

बहुत खूब

Reply